Link copied to clipboard!
Shikhar Punj
Company Logo
Sunday, 19 July 2026

News Details

राजस्थान में हॉस्टल-मैस में खाना बनना बंदः सरकारी स्कूलों में सिलेंडर सप्लाई रोकी

March 11, 2026 Breaking News 32 views
राजस्थान में कॉमर्शियल और घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होने लगी है। जहां सिलेंडर मिल रहे हैं, वहां कालाबाजारी का आरोप लग रहा है।

ऐसे में सिलेंडरों को लेकर हालात बिगड़ने लगे हैं। टोंक में भारत गैस की एक एजेंसी ने पोषाहार के लिए दिए जाने वाली सिलेंडरों की सप्लाई रोक दी है।

वहीं, अलवर में बुधवार सुबह भारत गैस एजेंसी के ऑफिस में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर जमकर हंगामा हुआ। ग्राहकों से बचने के लिए मालिक ने खुद को ऑफिस में लॉक कर लिया।

जयपुर में कॉमर्शियल सिलेंडर 2500 रुपए से भी ज्यादा में बिक रहा है। इसे लेकर होटल-रेस्टोरेंट मालिक ने नाराजगी जताई है। कोटा में सप्लाई नहीं होने से कई मैस और हॉस्टल ने खाना बनाना बंद कर दिया है।

अधिकतर जिलों में घरेलू गैस की सप्लाई में भी कालाबाजारी के आरोप लग रहे हैं।

एजेंसी का दावा- कंपनी के आदेश पर सप्लाई बंद

टोंक की बुंदेल गैस एजेंसी ने सरकारी स्कूलों में पोषाहार के लिए दिए जाने वाली कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई रोक दी है। संचालक दिनेश बुंदेल ने कलेक्टर को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है।

एजेंसी का दावा है कि कंपनी के मौखिक आदेश पर ऐसा किया गया है। हालांकि, जिले की दूसरी गैस एजेंसियों ने ऐसी कोई जानकारी प्रशासन को नहीं दी है।

जयपुर और अलवर में कालाबाजारी के आरोप

अलवर में बुधवार सुबह मॉडर्न गैस सर्विस पर घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग बंद होने से ग्राहकों ने हंगामा किया। उन्होंने एजेंसी मालिक पर कालाबाजारी के आरोप भी लगाए। हंगामा बढ़ता देख मालिक ने खुद को ऑफिस में लॉक कर लिया।

वहीं, जयपुर के त्रिवेणी नगर इलाके के कई रेस्टोरेंट संचालकों ने बताया कि सिलेंडर सप्लायर मनमानी वसूली कर रहे हैं। सिलेंडर 2500 रुपए तक में बेचा जा रहा है।

भास्कर रिपोर्टर के सामने ही एक गैस एजेंसी की सप्लाई वैन वहां पहुंची और रेस्टोरेंट ऑनर को करीब 700 रुपए ज्यादा में सिलेंडर दिया। एजेंसियों की मनमानी से होटल-रेस्टोरेंट संचालकों में नाराजगी है।