Link copied to clipboard!
Shikhar Punj
Company Logo
Wednesday, 2 September 2026

News Details

युवा शक्ति विकसित भारत संवाद में उमड़ा युवाओं का उत्साह

July 19, 2026 Breaking News 184 views
सोहागपुर। नगर में ;युवा शक्ति विकसित भारत एवं नव मतदाता संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं की भारी भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकसित भारत के संकल्प, युवाओं के भविष्य, रोजगार, शिक्षा, उद्यमिता और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर विस्तार से संवाद किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नव मतदाता एवं युवा शामिल हुए। इस अवसर पर अनेक युवाओं ने भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सोहागपुर विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह थे। विशिष्ट अतिथियों में नगर परिषद अध्यक्ष लता यशवंत पटेल, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सुरेश पटेल, नगर परिषद उपाध्यक्ष आकाश रघुवंशी, संतोष तिवारी, अंजनी पटेल, गोपाल माहेश्वरी, भगवान सिंह पटेल, रामबाबू रघुवंशी, मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज, योगेश मालवीय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन अनिल गैरिया ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह द्वारा युवाओं पर पुष्पवर्षा कर स्वागत करने से हुई। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस छोड़कर आए तीन कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, वहीं बड़ी संख्या में युवाओं ने भी भाजपा से जुड़ने का संकल्प लिया।

नगर परिषद उपाध्यक्ष आकाश रघुवंशी ने कहा कि कांग्रेस वर्षों से युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास करती रही है, जबकि भाजपा युवाओं को अवसर, सम्मान और नेतृत्व देने का कार्य कर रही है। किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सुरेश पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने प्रदेश में सड़क, बिजली और कृषि क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज किसान को पहले की तुलना में बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।

अपने ओजस्वी संबोधन में विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह ने कहा कि भाजपा केवल सत्ता प्राप्ति के लिए राजनीति नहीं करती, बल्कि राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के संकल्प के साथ कार्य करती है। उन्होंने कहा कि उनके लिए जनता का विश्वास सबसे बड़ी पूंजी है और यदि कोई उन पर भ्रष्टाचार का एक भी प्रमाण सिद्ध कर दे तो वे उसी दिन सार्वजनिक जीवन छोड़ देंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा और सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि सोहागपुर को 100 बिस्तरों वाले अस्पताल की सौगात मिल चुकी है तथा आने वाले समय में मुहासा औद्योगिक क्षेत्र में लगभग एक लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने युवाओं से उद्योग लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि इच्छुक उद्यमियों को मात्र एक रुपये प्रति वर्गफीट की दर से भूमि उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़े।

विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और स्टार्टअप जैसी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने नव मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत करने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए मतदान करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अभिनव पालीवाल, विजय छाबड़िया, ऋषभ गढ़वाल, युगल रघुवंशी, रूपेश रघुवंशी, रवि उइके, गौरव पालीवाल, आशीष विश्वकर्मा, पप्पू कुशवाहा, केशव जाजू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी, नव मतदाता एवं सैकड़ों युवा उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया।