Link copied to clipboard!
Shikhar Punj
Company Logo
Wednesday, 3 June 2026

News Details

नव युवक युवती की गोली लगने से मौत, सोहगपुर पुलिस एफ एस एल टीम के साथ मौके पर मौजूद

March 2, 2026 Breaking News 834 views
नवनीत परसाई नर्मदापुरम। जिलें के सोहागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भटगांव में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव से कुछ दूरी पर एक युवक और युवती के शव पड़े होने की सूचना सामने आई। सुबह-सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर जैसे ही शवों पर पड़ी, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और घटना की खबर पुलिस तक पहुंचाई गई।
सूचना मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आया। एसडीओपी संजू चौहान, थाना प्रभारी और पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल को घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। आसपास से कारतूस के खोखे, खून के निशान और अन्य भौतिक साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का।

क्या है प्रारंभिक स्थिति...?
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह मामला गोली लगने का प्रतीत हो रहा है। एसडीओपी संजू चौहान ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा संकेत मिला है कि युवक ने पहले युवती को गोली मारी और उसके बाद स्वयं को गोली मार ली। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि अभी जांच प्रारंभिक चरण में है और किसी ठोस निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल की विस्तृत जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।

गांव में दहशत, तरह-तरह की चर्चाएं
घटना की जानकारी मिलते ही भटगांव और आसपास के क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों के बीच अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ लोग इसे प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ अन्य कारणों की आशंका जता रहे हैं। हालांकि पुलिस ने अपुष्ट चर्चाओं से बचने और जांच पूरी होने तक किसी भी तरह की अफवाह न फैलाने की अपील की है।
परिजनों को दी गई सूचना
दोनों मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनसे पूछताछ की जाएगी। यह भी जांच का विषय है कि दोनों घटनास्थल तक कैसे पहुंचे, क्या वे पहले से एक-दूसरे को जानते थे, और घटना से पहले उनके बीच क्या बातचीत हुई थी। मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा सकती है।

हर एंगल से जांच
पुलिस का कहना है कि यह स्पष्ट होने तक कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का, सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल की परिस्थितियां, हथियार की उपलब्धता, गोली की दिशा, दूरी और समय—इन सभी बिंदुओं पर विशेषज्ञ टीम काम कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस का आधिकारिक बयान
एसडीओपी संजू चौहान ने चर्चा के दौरान बताया की ग्राम भटगांव के पास सोमवार सुबह एक युवक और युवती के शव मिले हैं। एफएसएल टीम मौके पर जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया युवक द्वारा युवती को गोली मारने और बाद में स्वयं को गोली मारने की बात सामने आ रही है। फिलहाल पूरा मामला स्पष्ट नहीं है। जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। भटगांव की इस दोहरी मौत की घटना ने पूरे सुहागपुर क्षेत्र को झकझोर दिया है। सच्चाई क्या है—प्रेम प्रसंग का दुखद अंत या कोई और साजिश—इसका खुलासा अब पुलिस जांच और वैज्ञानिक रिपोर्ट पर निर्भर है। सूत्रों की माने तो मृतिका रिंकी पिता सुरेश पूर्वीया उम्र 21 बर्ष निवासी भटगांव थाना सोहगपुर, मृतक युवक अरुण पिता गजेंद्र सिंह पूर्वीया उम्र 23 बर्ष निवासी ग्राम गोरा मछवाई थाना भारकछ जिला रायसेन से है।